गुरुग्राम में कब्जाई सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम में कब्जाई सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर


-अवैध कब्जे ध्वस्त, सरकारी जमीन कराई खाली

गुरुग्राम, 05 अप्रैल (हि.स.)। भू-माफियाओं पर प्रहार करते हुए क्राइम ब्रांच की टीमों ने रविवार को उनके द्वारा किए गए अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की और काफी सरकारी जमीन उनके कब्जे से मुक्त कराई।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि भू-माफियाओं और अपराध की दुनिया से जुड़े लोगों पर इस तरह की सर्जिकल स्ट्राइक आगे भी जारी रहेगी। उन्हाेंने बताया कि सेक्टर-17, सेक्टर-39 व सेक्टर-40 क्राइम ब्रांच की टीमों ने रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट आरएस बाठ के साथ कार्रवाई की। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। सेक्टर-45 स्थित गांव कन्हई और वजीराबाद स्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों की पहचान करके उन्हें ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई में कुख्यात अपराधी जगबंधु पुरई निवासी पश्चिम बंगाल, नरेश निवासी वजीराबाद तथा उमेद महलावत, हिमांशु, नितिन कौशिक निवासी झाड़सा गुरुग्राम द्वारा कब्जा की गई प्रॉपर्टी को मुक्त कराया गया। सभी अपराध की दुनिया में सक्रिय हैं। इन पर हिंसक अपराध, चोरी, मादक पदार्थ तस्करी और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों में केस दर्ज हैं और ये कई बार जेल जा चुके हैं।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों की जांच में यह भी सामने आया कि इन अपराधियों ने सरकारी जमीन पर अवैध झुग्गी बस्तियां बसाकर कमजोर वर्गों का शोषण किया। उनसे अवैध रूप से किराया वसूला और इन स्थानों का उपयोग संगठित अपराध गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार के लिए किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story