गुरुग्राम पुलिस ने ईनामी गोतस्कर को दबोचा
-पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश का था आरोपी
गुरुग्राम, 31 मई (हि.स.)। गुरुग्राम और मेवात क्षेत्र में सक्रिय रहने वाले गोतस्करी के आरोपी खलील खल्ली को पुलिस ने पुराना सोहना-अलवर रोड से रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी खलील पर पुलिस ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार खलील पर गोतस्करी, पशुओं के प्रति क्रूरता, अवैध हथियार रखने और पुलिस कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में चार केस दर्ज हैं। पिछले साल गोतस्करी के दौरान पुलिस नाकाबंदी तोडक़र उसने पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास भी किया था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि खलील अपने साथियों के साथ मिलकर गुरुग्राम क्षेत्र से गायों को अवैध रूप से राजस्थान ले जाने का काम करता था। 31 अगस्त 2025 को काउ प्रोटेक्शन यूनिट को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गायों को राजस्थान ले जा रहे हैं। गढ़ी वाजिदपुर-बैरका रोड पर नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर की लाल आयशर गाड़ी आती दिखाई दी।
पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी तेज गति से पुलिस टीम की तरफ बढ़ाकर कुचलने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर गाड़ी रुकवाई तो उसमें सात गाय क्रूरतापूर्वक भरी मिलीं। मौके से आरोपी शौकीन उर्फ सुंडा को पकड़ लिया गया था, जबकि खलील समेत अन्य फरार हो गए थे। इस मामले में थाना भोंडसी में केस दर्ज था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि इस केस में अब तक सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। खलील को गिरफ्तार कर उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

