गुरुग्राम की अदालत में आग से काम प्रभावित, रेस्ट हाउस में लगी अदालत
-सोमवार को न्यायिक कामकाज अस्थायी रूप से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में चला
गुरुग्राम, 25 मई (हि.स.)। स्थानीय जिला अदालत के रिकॉर्ड रूम में रविवार को लगी भीषण आग के बाद सोमवार को अदालत का कामकाज यहां पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में चला। आग के कारण रिकॉर्ड रूम में रखे पुराने केसों की फाइलें भी जलने की आशंका है। अस्थायी रूप से न्यायाधीशों ने रेस्ट हाउस में अस्थायी अदालत लगाकर केसों की सुनवाई की।
सोमवार सुबह से ही रेस्ट हाउस में 21 अदालों का संचालन शुरू हो गया। जिला अदालत का सुरक्षित बचा रिकॉर्ड रेस्ट हाउस पहुंचाया गया, ताकि सुनवाई और अन्य न्यायिक प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 50 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही आगजनी की घटना के बाद पूरे परिसर की दोबारा जांच कर संभावित खतरों को दूर किया गया। पेशी पर आने वाले लोगों और वकीलों की सुविधा के लिए रेस्ट हाउस के प्रवेश द्वार पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहां कर्मचारियों द्वारा लोगों को उनकी संबंधित अदालत और कोर्ट नंबर की जानकारी दी जा रही है। हेल्प डेस्क पर लगी भीड़ से अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोग वैकल्पिक व्यवस्था के बावजूद समय पर सुनवाई के लिए पहुंच रहे हैं।
दिनभर रेस्ट हाउस परिसर में वकीलों, पक्षकारों और आम लोगों की आवाजाही बनी रही। कई वकीलों ने कहा कि अचानक हुई इस व्यवस्था से शुरू में कुछ दिक्कतें हुईं, लेकिन प्रशासन और बार एसोसिएशन के सहयोग से काम सुचारु रूप से चल रहा है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से अपील की है कि रिकॉर्ड रूम की मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम जल्द पूरे किए जाएं, ताकि अदालतें अपने मूल परिसर में वापस लौट सकें। उधर, आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन फायर विभाग की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। आग लगते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

