गुरुग्राम के फर्रुखनगर कस्बे में गूंजा वोट बचाओ देश बचाओ का नारा

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम के फर्रुखनगर कस्बे में गूंजा वोट बचाओ देश बचाओ का नारा


-ग्रामीण कांग्रेस की ओर से फर्रुखनगर में किया गया विरोध प्रदर्शन

-एसआईआर के बहाने 13 से 14 करोड़ वोट काटे गए: संजय दत्त

गुरुग्राम, 17 अक्टूबर (हि.स.)। वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत फर्रुखनगर में बाहरली बस्ती स्थित अंबेडकर पार्क में शनिवार को कांग्रेस की ओर से विशाल जन आक्रोश मार्च निकाला गया। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा।

जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष वर्धन यादव एवं ब्लॉक अध्यक्ष सुनील यादव के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में नेताओं ने साफ किया कि कांग्रेस इस अभियान को गांव-गांव तक ले जाएगी। फर्रुखनगर के बाहरली बस्ती स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई। जन आक्रोश मार्च का मुख्य आकर्षण हजारों की संख्या में काले रंग के गुब्बारे रहे, जिन्हें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध के प्रतीक के रूप में आसमान में छोड़ा। इन गुब्बारों पर वोट चोर, गद्दी छोड़ का नारा लिखा हुआ था। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि संजय दत्त ने एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसके बहाने देश में 13 से 14 करोड़ वोट काटे गए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समर्थक नहीं माने जाने वाले मतदाताओं के नाम निशाने पर लेकर हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन आरोपों की गंभीरता को देखते हुए मतदाता सूची की पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा जरूरी है। कार्यक्रम में जिला शहरी अध्यक्ष पंकज डावर, सुखबीर तंवर, सतबीर पहलवान, मुकेश पवन चौधरी, सतपाल बुढेड़ा, राकेश यादव, करण लोहिया, इंद्रपाल यादव, दिनेश सरपंच, दीपक यादव ताजनगर समेत अनेक नेता, कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और सरकार की नीतियों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के अधिकारों को दबाने के साथ संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार उन सिद्धांतों और अधिकारों को चोट पहुंचा रही है, जिनके आधार पर भारतीय लोकतंत्र खड़ा है। गुरुग्राम ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं बादशाहपुर से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी वर्धन यादव ने बादशाहपुर के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह पर चुनावी अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762612 Articles

Share this story