गुरुग्राम: तिघरा में चौपाल कार्यक्रम में कांग्रेस ने वोट बचाओ देश बचाओ अभियान को दी धार
-देश में वोट की ताकत को कमजोर करने की सबसे बड़ी साजिश कर रही बीजेपी: पंकज डावर
-चौपाल पर चर्चा करने लोगों के बीच गांव पहुंचे कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता
-वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस ने शुरू किया है चौपाल अभियान
गुरुग्राम, 06 नवंबर (हि.स.)। वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को चौपाल अभियान कार्यक्रम गांव तिघरा में किया गया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर व पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया ने ग्रामीणों को भाजपा की निम्न स्तर की राजनीति और देश में वोट प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हुए चुनाव आयोग को भी कटघरे में खड़ा किया। साथ ही भाजपा सरकार द्वारा लोकतंत्र को खतरा बताकर खुद ही सडक़ पर उतरने की निंदा की और उसे नाटक करार दिया। तिघरा के मौजिज व्यक्ति एवं समाजसेवी अंतराम तंवर की अध्यक्षता में बैठक (चौपाल) यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस चौपाल कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। नेताओं ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनसे सीधा संवाद किया और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, वोट चोरी और लोकतंत्र को कमजोर करने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने चौपाल में कहा कि आज देश में वोट की ताकत को कमजोर करने की सबसे बड़ी साजिश चल रही है। वोट ही आम आदमी की सबसे बड़ी ताकत है। जब उसी वोट पर डाका डाला जाएगा तो लोकतंत्र कैसे बचेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 11 साल में देश को सिर्फ जुमलों, झूठ और प्रचार के सहारे चलाया है। नौकरी नहीं, महंगाई पर लगाम नहीं, किसानों को एमएसपी नहीं, युवाओं को रोजगार नहीं, लेकिन वोट चोरी के नए-नए तरीके जरूर खोज लिए गए हैं।
डावर ने कहा कि हरियाणा में भी हमने देखा कि कैसे वोटर लिस्ट से नाम काटे गए, कैसे फर्जी वोटर जोड़े गए और कैसे चुनाव के समय प्रशासन का दुरुपयोग किया गया। गांव-गांव में लोग बता रहे हैं कि उनके परिवार के मृतकों के नाम पर भी वोट डल गए, लेकिन जिंदा लोगों के नाम लिस्ट से गायब हो गए। यह कोई संयोग नहीं है, यह सोची-समझी साजिश है। वोटर लिस्ट से विपक्ष के नेताओं के नाम भी काटे गए हैं। पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया ने चौपाल में कहा कि देश में आज एक अजीब तमाशा चल रहा है। जिस पार्टी की सरकार हो और वह लोकतंत्र बचाने के लिए सडक़ों पर उतरने का नाटक करे तो यह समझ जाना चाहिए कि उसी पार्टी की सरकार ने लोकतंत्र को ना केवल कमजोर किया है, बल्कि खतरे में डाला है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

