गुरुग्राम: घर की तरह संगठन में भी महिलाओं की हो मजबूत भागीदारी: नीतू वर्मा

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: घर की तरह संगठन में भी महिलाओं की हो मजबूत भागीदारी: नीतू वर्मा


-गुरुग्राम कांग्रेस कार्यालय में संगठन सृजन अभियान को लेकर हुई अहम बैठक

-पर्यवेक्षक नीतू वर्मा सोइन ने कार्यकर्ताओं से लिए बायोडाटा

-जिला अध्यक्ष शहरी पंकज डावर, ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव भी रहे मौजूद

गुरुग्राम, २० सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस के महिला संगठन सृजन अभियान के तहत गुरुग्राम कांग्रेस कार्यालय में महिला संगठन को लेकर अहम बैठक हुई। बैठक में हरियाणा महिला कांग्रेस की पर्यवेक्षक नीतू वर्मा सोइन ने शिरकत की और महिला कार्यकर्ताओं से रूबरू हुईं। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर और ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव, एआईसीसी की सचिव सुनीता सहरावत ने पर्यवेक्षक नीतू वर्मा सोइन का स्वागत किया।

पर्यवेक्षक नीतू वर्मा सोइन ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान कार्यकर्ताओं से बायोडाटा भी लिए गए, ताकि भविष्य में बेहतर संगठन कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं को संगठन में अहम जिम्मेदारियां दी जा सकें। पर्यवेक्षक नीतू वर्मा सोइन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो महिलाओं को बराबरी का हक देती है। महिलाओं का जिस तरह से घर में भागीदारी होती है, वैसे ही संगठन में भी होनी जरूरी है। इसलिए कांग्रेस पार्टी की ओर से महिलाओं को संगठन में विशेष भागीदारी दी गई है और दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी और हमारी नेता अलका लांबा जी चाहते हैं कि संगठन में ५० प्रतिशत भागीदारी महिलाओं की हो। संगठन सृजन का मतलब है, नीचे से ऊपर तक संगठन को मजबूत करना। आप लोग बायोडाटा जरूर दें, हर एक बायोडाटा की स्क्रीनिंग होगी।

जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि गुरुग्राम जिला में नीतू वर्मा सोइन का गुरुग्राम कांग्रेस परिवार स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में महिला कार्यकर्ता हों या पुरुष, सभी की एकता और मजबूती जरूरी है। हमारी महिला कांग्रेस को और मजबूत करना हम सबका कर्तव्य है। ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि गांव-देहात की महिलाओं को हम संगठन में सबसे आगे लेकर आएंगे। शहर से ज्यादा गांव में हमारी बहनों को कांग्रेस की जरूरत है। सोहना, पटौदी, फर्रुखनगर हर ब्लॉक से महिलाओं को जोड़ा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story