गुरुग्राम: डरी भाजपा सरकार कांग्रेस नेताओं को करा रही नजरबंद: पंकज डावर
-कांग्रेस नेताओं के घरों पर तैनात की जा रही है पुलिस
-डावर बोले-किसी भी सूरत में कांग्रेस का मनोबल कमजोर नहीं होगा
गुरुग्राम, 09 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान से डर गई है और कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं को नजरबंद करा रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को वोट चोरी का विरोध करने से रोकने के लिए पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है।
पंकज डावर ने कहा कि सरकार के इशारे पर पुलिस कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं के घरों पर तैनात की जा रही है। उन्हें घर से बाहर न निकलने की चेतावनी दी जा रही है। कई नेताओं के घरों के बाहर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया है। यह लोकतंत्र की हत्या है।
उन्होंने कहा कि सरकार को डर है कि अगर कांग्रेस का वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान सफल हो गया तो वोट चोरी की उसकी पूरी साजिश देश के सामने आ जाएगी। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जिस तरह से सबूतों के साथ वोट चोरी का खुलासा किया है, उससे भाजपा बौखलाई हुई है। इसलिए अब वह पुलिस के दम पर कांग्रेस की आवाज को दबाना चाहती है। जिला शहरी अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि सरकार चाहे जितनी ताकत लगा ले, किसी भी सूरत में कांग्रेस का मनोबल कमजोर नहीं होगा। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सरकार से टक्कर लेने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि हमें नजरबंद किया जा सकता है, रोका जा सकता है, लेकिन हमारे हौसले को नहीं तोड़ा जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को घर में कैद करके सरकार यह सोच रही है कि प्रदर्शन को रोका जा सकता है, तो यह उसकी गलतफहमी है। अगर हमारे नेता घर में नजरबंद होंगे तो हमारे कार्यकर्ता सडक़ों पर उतरकर विरोध करेंगे। गुरुग्राम का हर बूथ, हर वार्ड इस आंदोलन में शामिल होगा। पंकज डावर ने ऐलान किया कि कांग्रेस वोट चोरी के मुद्दे पर सरकार को हर मंच पर घेरेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

