गुरुग्राम: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे व निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सडक़ पर उतरे कांगे्रेसी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे व निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सडक़ पर उतरे कांगे्रेसी


-कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठाए गंभीर सवाल

-प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, पूर्व सांसद राज बब्बर हुए शामिल

गुरुग्राम, 28 सितंबर (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया की अनियमितताओं के आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम ग्रामीण एवं शहरी ने विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव और शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त तथा पूर्व सांसद राज बब्बर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कांग्रेस कार्यकर्ता कमान सराय स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से मार्च करते हुए सदर बाज़ार पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे, तख्तियां और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला लेकर चुनाव आयोग एवं केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता लोकतंत्र की बुनियाद है और उस पर उठने वाले गंभीर सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए। संजय दत्त ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यकाल में लिए गए विवादित निर्णयों और चुनावी प्रक्रियाओं की समीक्षा होनी चाहिए।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण, फॉर्म-6 तथा एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सामने आ रहे आरोप गंभीर हैं और उनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। राव नरेंद्र सिंह ने देशभर में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने संबंधी कांग्रेस के दावों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि पात्र मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए या जोड़े गए हैं तो यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है। पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा रही है।

उन्होंने भाजपा और निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनावी व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए प्रत्येक गंभीर आरोप की पारदर्शी जांच होनी चाहिए। शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनावी प्रक्रिया का पारदर्शी और निष्पक्ष होना आवश्यक है। ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक मतदाता के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास की लड़ाई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story