गुरुग्राम: जो जनता के हकों के लिए नहीं बोल सकते वे विपक्ष पर अपनी खीझ निकाल रहे: पंकज डावर
-भाजपा नेताओं को शहर की टूटी सडक़ें नहीं सिर्फ विपक्ष का विरोध नजर आ रहा
-वोट चोरी करके सरकार बनाने वालों को विपक्ष पर बोलने का अधिकार नहीं
-कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने भाजपा जिला अध्यक्ष के बयान पर किया पलटवार
गुरुग्राम, 29 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने भाजपा जिला अध्यक्ष के उस बयान पर तीखा पलटवार किया, जिसमें उन्होंने अपनी वोट चोरी छिपाकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों की खिलाफत की है। डावर ने कहा कि अगर विरोध करना है तो उन्हें सरकार के उस बयान का करना चाहिए, जिसमें जलभराव पर खुद मुख्यमंत्री अधिकारियों को अधिक बरसात होने की बात कहकर क्लीनचिट दे देते हैं। हर साल डूबते गुडग़ांव पर करोड़ों खर्च करने के बाद भी यहां बाढ़ जैसे हालात बनते हैं।
पंकज डावर ने मंगलवार को यहां जारी बयान में कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज बने हैं और भाजपा की नाकामियों को घर-घर तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को गुडग़ांव शहर की टूटी सडक़ें, उफनते सीवर और बदहाल नाले नहीं दिख रहे, उन्हें सिर्फ विपक्ष का विरोध नजर आ रहा है। जो लोग जनता के हकों के लिए आवाज नहीं उठा सकते, वे अपनी नाकामी छिपाने के लिए विपक्ष पर खीझ निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज गुडग़ांव की हालत किसी से छिपी नहीं है। जिसे मिलेनियम सिटी कहा जाता है, वहां की सडक़ों पर चलना मुश्किल हो गया है। सेक्टरों की अंदरूनी सडक़ें हों या मेन रोड, जगह-जगह गड्ढे हैं।
थोड़ी सी बारिश में सडक़ें तालाब बन जाती हैं। भाजपा सरकार पिछले 11 साल से सत्ता में है और नगर निगम में भी उन्हीं की सरकार है, फिर भी शहर की बुनियादी सुविधाओं का यह हाल है तो इसकी जिम्मेदार भाजपा ही है। पैचवर्क के नाम पर घटिया निर्माण सामग्री लगाकर भ्रष्टाचार बढ़ाया जा रहा है। पंकज डावर ने कहा कि भाजपा नेताओं को वोट चोरी करके सरकार बनाने वालों को विपक्ष पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। कांग्रेस जनता के मुद्दे उठा रही है तो भाजपा को तकलीफ हो रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

