गुरुग्राम: आठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की वर्धन यादव व पंकज डावर ने कराई जमानत

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: आठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की वर्धन यादव व पंकज डावर ने कराई जमानत


-मुख्यमंत्री का विरोध करने पर दर्ज की गई थी एफआईआर

बोले, साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं, जनता की आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेंगे

गुरुग्राम, 25 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री के विरोध में सडक़ों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों में जमानत कराने के लिए शहरी व ग्रामीण अध्यक्ष उनके साथ खड़े नजर आए। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव और शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर मंगलवार को सिविल लाइंस थाने पहुंचे। उन्होंने अपने आठ साथी कार्यकर्ताओं की जमानत कराई।

सिविल लाइंस थाने से जिन कार्यकर्ताओं की जमानत कराई गई, उनमें अशोक उल्लावास, सुनील यादव, सविंद्र लोहिया (भोले), विकास हुड्डा, राकेश यादव, मुकेश डागर, मनदीप राठी और नितिन यादव शामिल हैं। दोनों जिला अध्यक्षों ने कहा कि कार्यकर्ताओं के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई में संगठन उन्हें अकेला नहीं छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि वे अपने साथियों के साथ पहले भी खड़े थे, आज भी खड़े हैं और आगे भी मजबूती से खड़े रहेंगे। जमानत कराने के बाद दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाई और कहा कि जनता के मुद्दों पर आवाज उठाना अपराध नहीं है।

12 साल में सडक़ और सीवर तक ठीक नहीं कर पाए

वर्धन यादव ने कहा कि अगर सरकार खुद को जनता की हितैषी मानती है तो उसे एक बार अधिकारियों के साथ नहीं, बल्कि सीधे जनता के बीच जाकर पूछना चाहिए कि उसकी सबसे बड़ी परेशानी क्या है। जनता की समस्याएं सामने लाना ही विपक्ष का काम है। शहर के लोग गंदगी, जलभराव, टूटी सडक़ों और सीवर की समस्याओं से जूझ रहे हैं। वर्धन यादव ने कहा कि 12 साल की भाजपा सरकार के बावजूद गुरुग्राम में न सडक़ें ठीक हो पाईं और न सीवरेज व्यवस्था। शहर की सडक़ों पर जगह-जगह गड्ढे हैं और लोगों के लिए उनसे बचकर निकलना रोज की मजबूरी बन गया है।

कार्यकर्ताओं को डराने से आवाज दबने वाली नहीं

पंकज डावर ने कहा कि सरकार की नीतियों और जनता की समस्याओं को उठाने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। लोकतंत्र में यह तरीका स्वीकार्य नहीं है। मुख्यमंत्री को विरोध करने वालों पर कार्रवाई करने के बजाय उनकी बात सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की समस्याएं किसी से छिपी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल के रूप में जनता की समस्याएं विधानसभा से लेकर सडक़ तक उठाती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story