गुरुग्राम: कंपनी के कर्मचारी ने फंदा लगाकर की खुदकुशी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: कंपनी के कर्मचारी ने फंदा लगाकर की खुदकुशी


गुरुग्राम, 30 मार्च (हि.स.)। मानेसर थाना क्षेत्र स्थित कासन की ढाणी में कंपनी कर्मी ने अपने कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के कासगंज निवासी शिवम (27) गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह कासन की ढाणी में कमरा किराये पर लेकर रहता था। रविवार को कंपनी में छुट्टी होने के चलते शिवम कमरे पर ही था। दोपहर बाद करीब तीन बजे पड़ोस में रहने वाला एक बच्चा शिवम के कमरे की तरफ गया। बच्चे ने कमरे का दरवाजा खोला तो शिवम को फंदे पर लटका देखा। बच्चे ने जाकर अपने माता-पिता को बताया। शिवम द्वारा आत्महत्या करने के बारे में पुलिस को सूचना दी।

जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप ने बताया कि कमरे में लोहे के एंगल पर चुन्नी से फंदा लगाकर शिवम ने आत्महत्या की है। परिवार वालों के बयान दर्ज किए गए हैं, कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। शिवम के मानसिक रूप से परेशान रहने की बात सामने आई है। साेमवार काे शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story