गुरुग्राम में सीएनजी 3.89 रुपये महंगी, अब रेट 92.01 प्रति किलो हुए

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 29 अगस्त (हि.स.)। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने दिल्ली के साथ गुरुग्राम में भी सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने 3.89 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी की है, जो शनिवार सुबह छह बजे से लागू हो गई है। अब गुरुग्राम में सीएनजी का रेट 92.01 रुपए प्रति किलो हो गया है।

दाम बढ़ते ही इसका सीधा असर ऑटो, कैब ड्राइवर और निजी सीएनजी कार मालिकों पर पड़ा है। सुबह सीएनजी स्टेशनों पर पहुंचे चालकों को नई दरों से झटका लगा।

कैब मालिक सूरज बूरा, अशोक कुमार, तिलक का कहना है कि मार्जिन पहले ही कम था, अब खर्च बढ़ने से ऑटो और टैक्सी यूनियन न्यूनतम किराया बढ़ाने की मांग कर सकती हैं।

किराया नहीं बढ़ा तो ड्राइवरों के लिए गाड़ी चलाना मुश्किल हो जाएगा।

शहर में फल-सब्जी और जरूरी सामान पहुंचाने वाले छोटे कमर्शियल वाहन भी सीएनजी पर चलते हैं। ढुलाई महंगी होने से इसका असर खुदरा बाजार में कीमतों पर पड़ सकता है।

वाहन चालकों का कहना है कि पहले पेट्रोल-डीजल और सीएनजी में काफी अंतर था, अब यह अंतर खत्म होता जा रहा है। रोजाना 70 से 100 रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story