गुरुग्राम: मुख्यमंत्री ने राम मंदिर, अनुच्छेद 370 व तीन तलाक के निर्णयों पर किया संवाद

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: मुख्यमंत्री ने राम मंदिर, अनुच्छेद 370 व तीन तलाक के निर्णयों पर किया संवाद


-मुख्यमंत्री सैनी ने भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित

गुरुग्राम, 04 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय गुरुकमल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया तथा उनके साथ आत्मीय संवाद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के संगठन के प्रति समर्पण, लंबे संघर्ष और योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति के पीछे उन कार्यकर्ताओं का परिश्रम और निष्ठा है, जिन्होंने वर्षों तक पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्य किया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रहित में लिए गए प्रमुख निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने अयोध्या में भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने तथा तीन तलाक के विरुद्ध कानून बनाए जाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्र एवं हरियाणा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ साझा की। उन्होंने सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुचाने का आह्वान किया। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता उनके लिए केवल संगठन के सदस्य नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ता उनसे कभी भी, किसी भी समय नि:संकोच मिल सकते हैं। चंडीगढ़ स्थित उनके मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर के दरवाजे सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के लिए सदैव खुले हैं। मुख्यमंत्री का यह संदेश वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान, आत्मीयता और संगठन के साथ उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाता है। जिला मीडिया प्रभारी अजय दुआ ने बताया कि इस अवसर पर भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, मंत्री राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर तथा पटौदी विधायक बिमला चौधरी मौजूद रही। यह कार्यक्रम वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान, संगठनात्मक एकजुटता और सरकार एवं संगठन के बीच आत्मीय संबंधों का महत्वपूर्ण अवसर बना।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story