गुरुग्राम: मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाकर सुर्खियां बटोरना कांग्रेस की हताशा: सर्वप्रिय त्यागी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाकर सुर्खियां बटोरना कांग्रेस की हताशा: सर्वप्रिय त्यागी


गुरुग्राम, 22 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के काफिले को कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन करने की घटना की भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने निंदा की है।

सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम की जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में शामिल होने गुरुग्राम आए थे। ऐसे महत्वपूर्ण जनहित के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के काफिले के सामने काले झंडे दिखाकर विरोध करना कांग्रेस की सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की राजनीति और ओछी मानसिकता को दर्शाता है। सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार सभी को है लेकिन मुख्यमंत्री के काफिले के सामने इस प्रकार प्रदर्शन करना राजनीतिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। कांग्रेस नेताओं को यदि वास्तव में जनता की समस्याओं की चिंता है तो उन्हें समस्याओं को तथ्य और सकारात्मक सुझावों के साथ सरकार के समक्ष रखना चाहिए। केवल काले झंडे दिखाकर मीडिया की सुर्खियां बटोरने से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होता।

गुरुग्राम भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि ग्रीवेंस कमेटी की बैठक स्वयं इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश सरकार जनता की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं गुरुग्राम पहुंचकर अधिकारियों की मौजूदगी में जनसमस्याओं को सुनते हैं और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हैं। ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस द्वारा व्यवधान पैदा करने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story