सीजेपी के प्रदर्शन से गुरुग्राम-दिल्ली की सीमाएं रहीं सील

WhatsApp Channel Join Now

-दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर सुरक्षा सख्त, पांच मेट्रो स्टेशनों पर पुलिस तैनात

-दिल्ली जाने वाले यात्रियों को हुई परेशानी

गुरुग्राम, 10 अक्टूबर (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के दिल्ली में शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई। दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर सख्ती का असर शहर की सडक़ों से लेकर मेट्रो और रेल सेवाओं तक दिखाई दिया। सरहोल बॉर्डर पर वाहनों का दबाव बढऩे से करीब दो किलोमीटर तक जाम लग गया। दिल्ली जाने वाले वाहन चालक देर तक जाम में फंसे रहे। वहीं, एहतियात के तौर पर ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ और करीब 120 ट्रेनें रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई।

शाम के समय दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर सरहोल बॉर्डर से गुरुग्राम की ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गुरुग्राम-महरौली रोड पर भी यातायात प्रभावित रहा। जाम से राहत दिलाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से दिल्ली की ओर भेजा, लेकिन इसके बावजूद वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। दिल्ली मेट्रो गुरुग्राम स्थित द्रोणाचार्य, सिकंदरपुर, एमजी रोड, इफको चौक और मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशनों पर पुलिस बल तैनात रहा। यात्रियों की जांच के बाद ही उन्हें मेट्रो में सफर की अनुमति दी गई। स्टेशनों पर पोस्टर लगाकर भी यात्रियों को जानकारी दी गई।

रेलवे ने दिल्ली-रेवाड़ी रूट पर चलने वाली 13 ट्रेनों को शनिवार सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक रद्द किया। इनमें दिल्ली से रेवाड़ी और रेवाड़ी से दिल्ली के बीच चलने वाली यात्री ट्रेनें शामिल हैं। फर्रुखनगर-गढ़ी हरसरू-दिल्ली सराय काले खां रूट की ट्रेनें भी प्रभावित रहीं। फरीदाबाद, हिसार, पानीपत और कुरुक्षेत्र से दिल्ली आने वाली कुछ ट्रेनों को भी रद्द किए जाने की जानकारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story