गुरुग्राम: बरसात के पानी में डूबा नागरिक अस्पताल का वार्ड व ओपीडी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: बरसात के पानी में डूबा नागरिक अस्पताल का वार्ड व ओपीडी


-गुरुग्राम के सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में हर बार की समस्या का समाधान नहीं

-अस्पताल के मेन गेट के सामने भी भरा गहरा पानी बना परेशानी

गुरुग्राम, 08 जुलाई (हि.स.)। दो दिन से हो रही बरसात का पानी सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में भर गया। अस्पताल की ओपीडी और बेसमेंट में वार्ड बरसाती पानी में डूब गए। आनन-फानन में वार्ड को ऊपर की मंजिल पर शिफ्ट किया गया। ओपीडी से पानी निकालने के लिए कर्मचारी मशक्कत करते रहे। हालांकि यह कोई स्थायी समाधान नहीं है। हर साल ऐसे हालात होने के बाद भी अस्पताल प्रशासन इस समस्या के प्रति गंभीर नहीं है।

बारिश शुरू होते ही अस्पताल के बेसमेंट में दीवारों से पानी फव्वारा बनकर बहने लगा। स्आफ व मरीजों को इससे काफी परेशानी हुई। थोड़ी सी बारिश आते ही पूरा बेसमेंट तालाब जैसा बन गया। पिछले कई सालों से बरसात में यही स्थिति बनती है। अस्पताल प्रशासन की ओर से हर बार अस्थायी तौर पर वार्ड शिफ्ट कर दिए जाते हैं, लेकिन पानी के रिसाव को रोकने का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया। इसी तरह से अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर भी जलभराव हो गया। ओपीडी भी पानी में डूबी नजर आई। कर्मचारी पानी को निकालते दिखे। सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में अस्पताल के रेनोवेशन और मरम्मत पर लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। बावजूद इसके दीवारों से रिसाव और बेसमेंट में जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है। अगर समय रहते समाधान नहीं हुआ तो अस्पताल की आलीशान इमारत के लिए यह खतरे की घंटी है। लगातार पानी भरने और रिसाव से इमारत की नींव कमजोर हो सकती है। ऐसे में भविष्य में इमारत के कंडम होने तक की नौबत आ सकती है। मरीजों के इलाज के लिए बनी जगह में ही अगर पानी भर जाएगा तो संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। अस्पताल में मरीज और उनके परिजन इस परेशानी से तंग आ चुके हैं। मरीजों का कहना है कि अस्पताल में पानी के रिसाव का स्थायी इलाज होना चाहिए। रोजाना हजारों मरीज यहां इलाज के लिए आते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story