गुरुग्राम में ड्यूटी से लौट रहे सिविल इंजीनियर से मारपीट कर गर्दन की हड्डी तोड़ी
-सिविल इंजीनियर पर काले रंग की थार सवार युवकों ने किया जानलेवा हमला
गुरुग्राम, 24 जून (हि.स.)। गुरुग्राम के सेक्टर-71 पॉश इलाके में बुधवार की सुबह रोडरेज में एक सिविल इंजीनियर पर काले रंग की थार कार में सवार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। नाइट ड्यूटी करके घर जा रहे सिविल इंजीनियर की गर्दन की हड्डी टूट गई, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। गाड़ी साइड करने को लेकर हुई कहासुनी में थार सवार युवकों की इस करतूत का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-71 की सिग्नेचर एंडोर हाइट्स सोसायटी निवासी धर्मेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह एमआरजी बिल्डर में सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। गत 15 साल से वह गुरुग्राम में रह रहे हैं। बुधवार को सुबह करीब सवा सात बजे वह अपनी नाइट ड्यूटी खत्म करके घर जा रहे थे। उनकी सोसाइटी के बाहर ही हिमाचल प्रदेश नंबर-एचपी-90-8901 की काले रंग की थार गाड़ी सवार युवक उसके पास आकर रुके। रास्ता संकरा होने की वजह से गाड़ी साइड करने को लेकर थार सवार युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। सिविल इंजीनियर ने बताया कि थार कार युवक आपा खो बैठे और उसे गाड़ी से खींचकर मारपीट करने लगे। पीडि़त की चीख-पुकार सुनकर सुरक्षाकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उसको नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनके सिर पर चोट है और मारपीट के कारण गर्दन की हड्डी में फ्रेक्चर हुआ है। धर्मेंद्र की शिकायत पर बादशाहपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की जांच कर पीड़ित के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। सोसाइटी गेट पर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी पुलिस को सौंपी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

