गुरुग्राम: चौधरी डेयरी फार्म के नाम पर फेसबुक के फर्जी पेज से की ठगी

WhatsApp Channel Join Now

-90 हजार लेकर गायब हुआ आरोपी काबू

गुरुग्राम, 12 जून (हि.स.)। फेसबुक पर ऑनलाइन गाय-भैंस बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक आरोपी को गुरुग्राम साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को डेयरी फार्म संचालक बताकर पंजीकरण, जीपीएस ट्रैकिंग और एनओसी के नाम पर पैसे ट्रांसफर करवा लेता था।

सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध गौरव फौगाट के नेतृत्व में थाना साइबर दक्षिण की टीम ने तकनीकी मदद से रेड कर आरोपी साजिद को डीएलएफ फेज-3 के यू ब्लॉक से पकड़ा। आरोपी मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले के गांव बामनी का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक व्यक्ति से गाय बेचने के नाम पर पंजीकरण, जीपीएस ट्रैकिंग और अलग-अलग राज्यों की एनओसी बनवाने का झांसा देकर करीब 90 हजार रुपये ठग लिए। पैसे लेते ही आरोपी ने संपर्क बंद कर दिया। पूछताछ में पता चला कि साजिद अपने एक साथी के साथ मिलकर फेसबुक पर चौधरी डेयरी फार्म नाम से फर्जी पेज चलाता था। पेज पर आकर्षक फोटो और रेट डालकर ग्राहकों को फंसाया जाता था। जब कोई गाय या भैंस खरीदने के लिए संपर्क करता, तो आरोपी पंजीकरण, जीपीएस ट्रैकिंग और एनओसी के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवा लेता था।

पुलिस के मुताबिक, ठगी की रकम में से आरोपी 30 प्रतिशत कमीशन रख लेता था और बाकी रकम अपने साथी को भेज देता था। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनमें ठगी से जुड़े चैट, कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन के सबूत मिले हैं। आरोपी के खिलाफ थाना साइबर दक्षिण गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य साथियों, ठगी की अन्य वारदातों, बैंक खातों और पैसे के लेन-देन का पता लगा रही है। गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर बिना वेरिफिकेशन के किसी भी ऑनलाइन डील पर भरोसा न करें और पैसा ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच कर लें।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story