गुरुग्राम: चार धाम यात्रा में हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर ठगी के आरोप में तीन काबू
-गिरफ्तार आरोपियों ने ठगी की रकम के लिए दिए थे बैंक खाते
-खाते के बदले लेते थे 5000 रुपये कमीशन
-पांच मोबाइल, 16 चेकबुक, 18 एटीएम कार्ड व पांच पासबुक बरामद
गुरुग्राम, 09 जुलाई (हि.स.)। चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से साइबर ठगी कर ली गई। इस ठगी के गिरोह के तीन सदस्यों को साइबर थाना दक्षिण गुरुग्राम की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि इन आरोपियों ने ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। खाते के बदले इन्हें 5000 रुपये कमीशन मिलता था।
थाना साइबर दक्षिण प्रबंधक निरीक्षक नवीन कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक सतेंद्र की टीम ने चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर ठगी की तकनीकी जांच के आधार पर साइबर ठगी में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने गुरुग्राम के गांव डूंडाहेड़ा से तीन आरोपियों को काबू किया। इनके नाम अजीत कुमार शाह निवासी जिला बलिया उत्तर प्रदेश, प्रदुम निवासी जिला आजमगढ़ उत्तर प्रदेश और विनय निवासी जिला सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना साइबर दक्षिण में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने आधार कार्ड में पता बदलवाकर विभिन्न बैंकों में 10 से अधिक बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद इन खातों की चेक बुक, पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज साइबर ठगी करने वाले गिरोह को प्रति खाता 5000 रुपये कमीशन लेकर दे देते थे। आरोपी विनय ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह पहले एक अन्य व्यक्ति के कहने पर इस काम में जुड़ा था। बाद में उसने अजीत और प्रदुम को भी इसमें शामिल कर लिया।
जांच में पाया गया कि बरामद बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के खिलाफ साइबर क्राइम पोर्टल पर तीन शिकायतें पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल होने वाले पांच मोबाइल फोन, पांच पासबुक, 16 चेकबुक और 18 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद डिजिटल उपकरणों और बैंकिंग दस्तावेजों का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों से इस मामले के अलावा अन्य साइबर ठगी की घटनाओं, नेटवर्क में शामिल अन्य साथियों, बैंक खातों के जरिए हुए लेन-देन और पूरे ठगी रैकेट के बारे में पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

