गुरुग्राम: सीबीएसई की फर्जी मान्यता पर दाखिले देने वाला स्कूल चेयरमैन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: सीबीएसई की फर्जी मान्यता पर दाखिले देने वाला स्कूल चेयरमैन गिरफ्तार


सेक्टर-9ए में एजुक्रेस्ट इंटरनेशनल नाम से है स्कूल

स्कूल की मान्यता 8वीं तक, दाखिले 10वीं व 12वीं के भी किए

गुरुग्राम, 07 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की फर्जी मान्यता पर स्कूल में दाखिले देने के आरोपी स्कूल चेयरमैन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सेक्टर-9ए स्थित एजुक्रेस्ट इंटरनेशनल नामक स्कूल के फर्जीवाड़े का गत माह एक छात्रा व उसके पिता ने खुलासा किया था। जब वह परीक्षा देने स्कूल पहुंची तो पता चला कि स्कूल की मान्यता ही फर्जी है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी चेयरमैन को बिलासपुर चौक से गिरफ्तार किया गया है।

एजुके्रेस्ट इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-9ए गुरुग्राम के प्रबन्धन व स्टॉफ द्वारा सीबीएसई (सीबीएसई) की फर्जी मान्यता दिखाकर धोखाधड़ी करने व छात्राओं का भविष्य दांव पर लगाने को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने स्कूल चेयरमैन विनय कटारिया के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया। 18 फरवरी 2026 को पुलिस थाना सेक्टर-9ए की पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत दी गई। शिकायतकर्ता द्वारा आरोप लगाया गया कि उसकी बेटी एजुक्रेस्ट इंटरनेशनल स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा है। उसके साथ स्कूल प्रबंधने गंभीर धोखाधड़ी की है। आरोप लगाए कि स्कूल प्रबंधन द्वारा प्रवेश के समय यह दावा किया गया कि विद्यालय सीबीएसई से मान्यता प्राप्त है। वैध मान्यता प्रमाण-पत्र एवं संबद्धता नंबर भी दिखाया गया था। उनकी बेटी से ट्यूशन फीस, बिल्डिंग फंड, परीक्षा शुल्क, कंप्यूटर शुल्क आदि विभिन्न मदों में नियमित रूप से शुल्क लिया गया। 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के समय छात्रा को एडमिट कार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। जांच करने पर शिकायतकर्ता को पता चला कि यह स्कूल सीबीएसई से न तो संबद्ध है और न ही मान्यता प्राप्त है। दाखिला के समय जो रजिस्ट्रेशन नंबर बताया गया था, वह भी गलत है। स्कूल के इस कृत्य से छात्रा का एक शैक्षणिक वर्ष खराब हुआ। उसके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया।

पुलिस ने विद्यालय के चेयरमैन विनय कटारिया, प्रिंसिपल रिद्धिमा कटारिया, वाइस प्रिंसिपल सिमर बत्रा, कॉर्डिनेटर सोनिया व अन्य स्टाफ सदस्यों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया। अपराध शाखा मानेसर की ओर से स्कूल के चेयरमैन को बिलासपुर चौक से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान विनीत कटारिया के निवासी सेक्टर-9 के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि आरोपी से पुलिस पूछताछ में पता चला है कि वह पिछले आठ साल से स्कूल चला रहा है। इस स्कूल को सीबीएसई से आठवीं कक्षा तक की मान्यता प्राप्त है। उसने रुपये कमाने के लालच में 10वीं कक्षा की फर्जी मान्यता दिखाकर 25 बच्चों को नौवीं कक्षा व दसवीं कक्षा में दाखिला दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story