गुरुग्राम: होली का सामान खरीद रहे लोगों को तेज रफ्तार कार चालक ने कुचला

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: होली का सामान खरीद रहे लोगों को तेज रफ्तार कार चालक ने कुचला


बलदेव नगर सब्जी मंडी में खरीदारी कर रहे थे लोग

गुरुग्राम, 03 मार्च (हि.स.)। यहां सब्जी मंडी में होली के सामान की खरीदारी कर रहे लोगों पर एक युवक ने गाड़ी चढ़ा दी। इस दौरान मंडी में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान छह लोग घायल हो गए। लोगों ने बताया कि आरोपी गाड़ी चालक ने वहां से भागने के चक्कर में इस घटना को अंजाम दिया। कुछ ही दूरी पर लोगों ने आरोपी ड्राइवर को घेरकर पकड़ लिया, इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को काबू कर लिया। युवक का मेडिकल कराया गया तो वह नशा किए हुए मिला।

जानकारी के अनुसार सोमवार की रात को बलदेव नगर के निकट सब्जी मंडी में लोग होली के सामान की खरीदारी कर रहे थे। इसी बीच एक युवक ब्रेजा गाड़ी में सवार होकर आया। वह गाड़ी तेज गति से चला रहा था। वहां पर खरीदारी कर रहे लोगों पर युवक ने गाड़ी चढ़ा दी। बिहार निवासी 55 वर्षीय सुली को सबसे पहले उसने गाड़ी से टक्कर मारी। उसके सिर, मुंह व हाथों पर गंभीर चोटें आई। इसी दौरान आरोपी वहां से भागने के लिए तेज गति से गाड़ी लेकर निकलने लगा। उस समय बाजार में काफी भीड़ थी। वह कई और लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढऩे लगा। इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बाजार में लोगों ने बताया कि गाड़ी सवार युवक गाड़ी तेज गति से भागने का प्रयास करने लगा। इस दौरान उसने कई रेहडिय़ों को भी टक्कर मारी। इस दौरान उसकी गाड़ी का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी बंद हो गई। इस घटना में छह लोग घायल हो गए। वह गाड़ी से उतरकर भागने लगा तो लोगों ने उसे काबू कर लिया। लोगों ने उसकी पिटाई भी की। इस घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस आरोपी युवक को अपने साथ ले गई। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी झज्जर का रहने वाला है। आरोपी की पहचान रितेश के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ घायल सुली की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story