गुरुग्राम: पानी पीने के लिए रुके युवक को कार ने कुचला, मौत
गुरुग्राम, 26 अगस्त (हि.स.)। बिलासपुर थाना क्षेत्र में एनएच-48 पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह बारिश के कारण बाइक रोककर पानी पीने के लिए सडक़ पार कर रहा था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस को दी शिकायत में रेवाड़ी के तेजपुरा मोहल्ला निवासी रेणुबाला ने बताया कि 24 अगस्त को वह अपने पति कृष्ण कुमार के साथ बाइक से बिलासपुर किसी काम से जा रही थीं। रास्ते में बारिश होने पर दोनों बिलासपुर चौक के पास से वापस घर लौटने लगे। मेन रोड पर पहुंचकर उन्होंने पानी पीने के लिए बाइक रोकी। कृष्ण कुमार सडक़ पार कर पानी पीने जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से वह सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक कुछ देर रुका और फिर कार लेकर फरार हो गया। लोगों की मदद से कृष्ण कुमार को सिविल अस्पताल रेवाड़ी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बिलासपुर थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कार के नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

