गुरुग्राम: पॉश सोसायटी कैमेलियास में घरेलू सहायिका से मारपीट
-सुशांत लोक थाना पुलिस कर रही मामले की जांच
गुरुग्राम, 10 अगस्त (हि.स.)। सुशांत लोक थाना क्षेत्र में पॉश सोसायटियों में गिनी जाने वाली द कैमेलियास से घरेलू सहायिका के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
इस घटना के वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक महिला रसोई में काम कर रही मेड के साथ धक्का-मुक्की कर रही है। महिला कथित तौर पर सहायिका के बाल खींचती और चेहरा दबाकर हाथापाई करती नजर आ रही है। वीडियो में मेड खुद को बचाने की कोशिश करती भी दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर यह तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। वीडियो के वायरल होने के बाद सुशांत लोक पुलिस ने संज्ञान लेते हुए आरोपी महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। वायरल वीडियो को भी सबूत के तौर पर शामिल किया गया है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि मारपीट क्यों हुई और इसकी वजह क्या थी। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

