गुरुग्राम: सड़क हादसे में बीएसएफ जवान की मौत

WhatsApp Channel Join Now

छुट्टी पूरी कर ड्यूटी लौट रहा था जवान

गुरुग्राम, 13 मई (हि.स.)। भौंडसी क्षेत्र में मंगलवार रात सड़क हादसे में सीमा सुरक्षा बल के एक जवान की मौत हो गई। हादसा भौंडसी स्थित 95 बटालियन बीएसएफ कैंपस के गेट नंबर एक के पास हुआ। मृतक जवान की पहचान 31 बटालियन बीएसएफ के सिपाही रविंद्र के रूप में हुई है। रविंद्र दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार सिपाही रविंद्र अपनी 28 दिनों की छुट्टी पूरी करने के बाद वापस ड्यूटी पर लौट रहा था। उसे दिल्ली से श्रीनगर के लिए एयर कूरियर सेवा के माध्यम से रवाना होना था। इसी प्रक्रिया के तहत उसने 11 मई को 95 बटालियन के ट्रांजिट कैंप में रिपोर्ट की थी। मंगलवार रात वह कैंपस के गेट नंबर एक से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जवान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने गेट पर तैनात संतरी को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बटालियन की क्विक रिएक्शन टीम, एडजुटेंट और मेडिकल स्टाफ एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं भौंडसी थाना पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। घायल जवान को तुरंत सेक्टर 10 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story