गुरुग्राम के नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम के नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी


-ईमेल से मिली धमकी के बाद स्कूलों में मचा हडक़ंप

-स्कूलों की ओर से बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया

गुरुग्राम, 29 अप्रैल (हि.स.)। बुधवार की सुबह यहां के कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल के माध्यम से मिली इस धमकी से स्कूलों में हडक़ंप मच गया। स्कूलों के प्रबंधन को भेजे गए धमकी भरे ईमेल में कहा गया कि कई स्थानों पर विस्फोटक लगाए गए हैं। जैसे ही यह सूचना सामने आई तो स्कूल प्रशासन ने तत्काल स्कूलों को खाली कराया। कई स्कूलों में तुरंत छुट्टी घोषित कर दी गई और अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया।

स्कूलों से बम होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्कूलों में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने तलाशी अभियान चलाया। पूरे परिसर को सेनिटाइज किया गया ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके। ई-मेल में सनसिटी स्कूल, श्रीराम स्कूल, एमिटी स्कूल और द एचडीएफसी स्कूल के नाम शामिल हैं। ई-मेल सुबह उस समय भेजी गई जब बच्चे स्कूलों में पहुंचने शुरू हुए थे। कुछ स्कूलों में कक्षाएं भी शुरू हो गईं थीं। ई-मेल में खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताते हुए 29 अप्रैल को 40वां खालिस्तान डिक्लरेशन डे घोषित करने की बात कही गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी चेतावनी दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story