गुरुग्राम के सचिवालय व कई स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम के सचिवालय व कई स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी


-एमिटी, सालवान, एयरफोर्स स्कूल में धमकी के बाद अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

-सभी स्थानों पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड तैनात

गुरुग्राम, 13 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के गुरुग्राम में एक बार फिर बम की धमकी से हडक़ंप मच गया। एमिटी स्कूल, सालवान पब्लिक स्कूल, एयरफोर्स स्कूल और मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला।

धमकी की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। सुरक्षा के मद्देनजर सभी संबंधित परिसरों से बच्चों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद स्कूलों की छुट्टी कर बच्चों को घर भेज दिया गया।

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं और सभी जगहों पर गहन चेकिंग और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है। बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और घबराहट रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं।

प्राथमिक तौर पर साइबर सेल की मदद से धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में अफवाह साबित हुईं। बार-बार मिल रही इन धमकियों से पुलिस के साथ-साथ अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि अफवाह फैलाने वाले तत्वों को जल्द पकड़ा जा सके। फिलहाल सभी स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story