गुरुग्राम: सीजेपी के छात्रों पर दर्ज केस वापस लेने के लिए बम ब्लास्ट की धमकी

WhatsApp Channel Join Now

-खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से ईमेल भेजकर बम ब्लास्ट की धमकी

-कोर्ट व डीसी कार्यालय कराए खाली, स्कूलों में भी इस धमकी से मचा हडक़ंप

-कॉकरोच जनता पार्टी के छात्रों पर दर्ज केस वापस लेने की मांग रखी

-पांच अगस्त तक सीरियल ब्लास्ट की चेतावनी भी दी।

गुरुग्राम, 31 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज केस वापस लेने की मांग करते हुए शुक्रवार को कोर्ट, डीसी कार्यालय और स्कूलों में बम रखने होने की धमकी दी गई। साथ ही कहा गया कि पांच अगस्त तक ऐसा नहीं किया जाता है तो सीरियल ब्लास्ट किए जाएंगें। खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी बताने वाले संगठन की ओर से भेजे गए ई-मेल के तुरंत बाद से सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई और गहनता से जांच शुरू की।

शुक्रवार सुबह 8:20 बजे आए ई-मेल में कॉकरोच जनता पार्टी के छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि ऐसा नहीं होने पर पांच अगस्त तक सिलसिलेवार बम धमाके किए जाएंगे। मेल में धमाकों का समय भी तय किया गया था, जिसमें गुरुग्राम के स्कूलों में दोपहर 01:11 बजे, कोर्ट में 02:11 बजे, डीसी कार्यालय में 03:11 बजे और दिल्ली संसद भवन में शाम 04:11 बजे का समय धमकों के लिए दिया गया। यह सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने जिला कोर्ट और लघु सचिवालय की गहन तलाशी ली। कुछ स्कूलों ने एहतियातन क्लासरूम खाली करा दिए, जबकि कई अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल से घर ले गए। मेल में संसद भवन का जिक्र होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत दिल्ली पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों को सूचना दी।

पहले भी आ चुकी हैं ऐसी धमकियां

पुलिस के अनुसार इस साल हरियाणा को यह पांचवीं बम धमकी है। इससे पहले सतलुज-यमुना लिंक नहर के मुद्दे पर भी बम विस्फोट की धमकी मिली थी। 19 मार्च को गुरुग्राम पुलिस ने इसी तरह की धमकी के मामले में गुजरात के अहमदाबाद से सौरभ विश्वास उर्फ माइकल (30) को गिरफ्तार किया था। सौरभ मूल रूप से बांग्लादेश का रहने वाला है और उसने एक अन्य बांग्लादेशी के कहने पर 300 जी-मेल आईडी बनाई थीं। इन्हीं में से एक आईडी से 28 जनवरी को गुरुग्राम के स्कूलों को उड़ाने की धमकी भेजी गई थी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शुरुआती जांच में यह मेल सिर्फ धमकी के लिए भेजी गई है। इससे पहले भी गुरुग्राम में इसी तरह के फर्जी धमकी भरे ई-मेल आ चुके हैं। साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस और ओरिजिन की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story