गुरुग्राम: भाजपा एक विचार, संस्कार व राष्ट्रसेवा को समर्पित विशाल कार्यकर्ता परिवार है: अजय खुंडिया

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: भाजपा एक विचार, संस्कार व राष्ट्रसेवा को समर्पित विशाल कार्यकर्ता परिवार है: अजय खुंडिया


-बोले, एस.सी. समाज के लोगों के हितों के लिए कार्य करना रहेगी प्राथमिकता

-भाजपा एससी मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का गुरुग्राम में स्वागत व सम्मान

गुरुग्राम, 13 अगस्त (हि.स.)। भाजपा हरियाणा एससी मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय खुंडिया का रविवार को गुरुग्राम भाजपा कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अजय खुंडिया के आगमन पर जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी तथा एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मवीर भांगरौला ने एससी मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत किया।

जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय खुंडिया को नए दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में अजय खुंडिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि विचार, संस्कार और राष्ट्रसेवा को समर्पित एक विशाल कार्यकर्ता परिवार है। पार्टी ने सदैव समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोडऩे और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प को साकार करने का कार्य किया है। अजय खुंडिया ने कहा कि एस.सी. मोर्चा की जिम्मेदारी मिलने के बाद हमारा प्रयास रहेगा कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत किया जाए। अनुसूचित समाज के प्रत्येक वर्ग तक केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाया जाए। समाज के लोगों को संगठन से जोडऩा और उनके हितों के लिए निरंतर कार्य करना हमारी प्राथमिकता रहेगी। अजय खुंडिया ने कहा कि संगठन की शक्ति हमारे समर्पित कार्यकर्ता हैं। हम सभी को आपसी समन्वय, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं हमारी ऊर्जावान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में विकसित भारत और विकसित हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ाना है।

एस.सी. मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अजय खुंडिया ने कहा कि भाजपा गुरुग्राम जिला कार्यालय पर स्वागत व सम्मान के लिए वे जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, एस.सी. मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मबीर भांगरौला सहित समस्त जिला पदाधिकारियों, मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि अजय खुंडिया के अनुभव, सक्रियता और नेतृत्व क्षमता से एससी मोर्चा को निश्चित रूप से नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी। उनके नेतृत्व में मोर्चा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने तथा समाज के बीच भाजपा की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेगा। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर सहित एससी मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story