गुरुग्राम: विपक्ष द्वारा विरोध करना उनकी अपनी विफलता की खीज: सर्वप्रिय त्यागी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: विपक्ष द्वारा विरोध करना उनकी अपनी विफलता की खीज: सर्वप्रिय त्यागी


गुरुग्राम, 29 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों की कड़े शब्दों में निंदा की है।

मंगलवार को यहां जारी बयान में उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह अनर्गल विलाप और हंगामा जमीनी स्तर पर उनकी लगातार हो रही राजनीतिक हार और आंतरिक हताशा का जीता-जागता प्रमाण है। वोट चोरी और तुष्टिकरण विपक्ष का असली चरित्र है। सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का इतिहास हमेशा से वोट चोरी और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का रहा है। जब देश की जनता ने इन्हें पूरी तरह से नकार दिया है, तो ये अपनी कमियों को छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर कीचड़ उछाल रहे हैं। विपक्ष ने हमेशा देश में विकास विरोधी राजनीति की है और अब जब पारदर्शी चुनाव प्रणाली के कारण उनकी दाल नहीं गल रही, तो वे जनता को गुमराह करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग जैसी निष्पक्ष व स्वायत्त संस्थाओं पर ऊंगली उठाना भारतीय लोकतंत्र का अपमान है। चुनाव आयोग पूरी पारदर्शिता और नियमबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story