गुरुग्राम: देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनाने में सीए की भूमिका अहम: डा. राजभूषण चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनाने में सीए की भूमिका अहम: डा. राजभूषण चौधरी


-मोदी सरकार ने देश की कर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाया

-भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने 50 चार्टर्ड अकाउंटेंट को भाजपा में किया शामिल

गुरुग्राम, 01 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री डा. राजभूषण चौधरी ने कहा कि विकसित हरियाणा का सपना तभी साकार होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करेगा। उन्होंने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंटों की देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका हैं, जबकि चिकित्सक स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देते हैं। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

वे बुधवार को यहां भाजपा कार्यालय गुरुकमल में सीए दिवस एवं जीएसटी दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री डा. राजभूषण चौधरी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने इस अवसर पर प्रदेशभर के 35 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। इसके साथ ही समाज सेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच चिकित्सकों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा सीए सेल हरियाणा के प्रदेश संयोजक नितिन बंसल ने की।

डा. राजभूषण चौधरी ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) देश और राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित हरियाणा के संकल्प को वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और रणनीतिक वित्तीय प्रबंधन के माध्यम से ही साकार किया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जीएसटी ने देश की कर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल और व्यवस्थित बनाया है। इसमें चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि सीए केवल कर सलाहकार ही नहीं, बल्कि उद्योग, व्यापार और सरकार के बीच वित्तीय विश्वास कायम करने वाले महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। आर्थिक सुधारों को प्रभावी ढंग से लागू करने और निवेश का बेहतर वातावरण तैयार करने में भी उनका बड़ा योगदान है।

देश के विकास की यात्रा में हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा: बड़ौली

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और हरियाणा भी विकास की इस यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित हरियाणा का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने भाजपा से जुड़े नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और समाज के बीच पार्टी का जनसंपर्क और अधिक मजबूत होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story