गुरुग्राम: बूथ से सोशल मीडिया तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं: डा. अर्चना गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: बूथ से सोशल मीडिया तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं: डा. अर्चना गुप्ता


-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने गुरुग्राम में की मैराथन बैठकें-23 अगस्त को प्रदेश के सभी बूथों और शक्ति केंद्रों पर होंगी बैठकें

गुरुग्राम, 20 अगस्त (हि.स.)। गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने भाजपा कार्यालय गुरुकमल में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने के लिए मैराथन बैठकें की। उन्होंने एक के बाद एक चार बैठकों में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान प्रदेश में चल रहे अभियानों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

डा. अर्चना गुप्ता ने शक्ति केंद्र कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, संगठन विस्तार और सोशल मीडिया की प्रभावी भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सक्रिय व मजबूत बनाएं। बैठक में पहुंचे राष्ट्रीय महामंत्री एवं हरियाणा भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भी संगठनात्मक विषयों पर कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन चर्चा की। इस प्रदेश स्तरीय बैठक में पलवल, फरीदाबाद, फरीदाबाद महानगर, गुरुग्राम, गुरुग्राम महानगर, नूंह, महेंद्रगढ़ एवं रेवाड़ी जिलों के मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों के अलावा अन्य जिलों के कार्यकर्ता वर्चूअल जुड़े।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 23 अगस्त को प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों में बूथ और शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरल पोर्टल पर सभी बैठकों के फोटों अपलोड करें, इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से त्रिदेव से नियमित संपर्क कर बूथ एवं शक्ति केंद्र पर रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए।

प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ समितियों का गठन करने के साथ पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र और बूथ समितियों के लिए अलग-अलग रजिस्टर बनाने तथा आवश्यक व्हाट्सएप ग्रुप तैयार के लिए कहा। डा. अर्चना गुप्ता ने संत गुरु रविदास जयंती को लेकर चल रहे अभियान की भी समीक्षा की।

शक्ति केंद्र संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है: डॉ. सतीश पूनिया

शक्ति केंद्र वक्ताओं की प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए डा. सतीश पुनिया ने कहा कि शक्ति केंद्र भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। हमें बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता से निरंतर संवाद और संपर्क बनाए रखना है। संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भी बैठकों में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने संगठनात्मक विषयों को लेकर कार्यकर्ता के साथ चर्चा की। भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने बैठक में सभी नेताओं का स्वागत किया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, गोपाल शर्मा, जवाहर सैनी, गुरुग्राम जिला प्रभारी संदीप जोशी, फरीदाबाद महानगर जिला प्रभारी कमल यादव, गुरुग्राम महानगर जिला प्रभारी राजकुमार वोहरा, जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story