नूंह: कांग्रेस ने की वोट बैंक की राजनीति कर अपनाई तुष्टिकरण की नीति: डा. अर्चना गुप्ता
-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा हरियाणा
नूंह, 18 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता गुरुवार को नूंह पहुंची। जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। ढोल-नगाड़ों की गूंज, पुष्पवर्षा और भारत माता की जयकारों के साथ प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया। पहुंचने पर जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू, पूर्व विधायक जाकिर हुसैन, पूर्व मंत्री संजय सिंह, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा गणमान्य नागरिकों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यकर्ताओं और नागरिकों के उत्साह को देखकर डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि यह स्वागत किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भाजपा के समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं का सम्मान है, जो दिन-रात संगठन और राष्ट्रहित के लिए कार्य कर रहे हैं। पटेल वाटिका में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर कार्य करती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार में आज देश में 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। 14 करोड़ से अधिक परिवारों को शौचालय की सुविधा मिली है। उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को पक्के घर मिले हैं और आयुष्मान भारत योजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। भाजपा धर्म, जाति और क्षेत्र के आधार पर राजनीति नहीं करती, बल्कि बिना भेदभाव के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू, जिला प्रभारी समय सिंह भाटी, पूर्व विधायक जाकिर हुसैन, पूर्व मंत्री संजय सिंह, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व नूंह जिला प्रमुख जान मोहम्मद, पूर्व विधायक नसीम अहमद, पूर्व प्रत्याशी एजाज खान, मनीष जैन, जिला मीडिया प्रभारी जतिन बुसरी, संजीव गर्ग, असरूद्दीन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

