गुरुग्राम: भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, समर्पित विचारधारा है: डा. अर्चना गुप्ता
-बोलीं, राष्ट्र निर्माण में बुद्धिजीवियों की भूमिका सर्वाेपरि
-गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय में हुआ भाजपा का बुद्धिजीवी सम्मेलन
-अध्यक्ष डा. गुप्ता ने संगठन और समाज के बीच संवाद मजबूती पर दिया जोर
गुरुग्राम, 20 जून (हि.स.)। भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में बुद्धिजीवियों की भूमिका सर्वाेपरि और अत्यंत महत्वपूर्ण है। समाज को सही दिशा देने, जनजागरण करने और सकारात्मक परिवर्तन लाने में प्रबुद्ध वर्ग का योगदान सदैव निर्णायक रहा है। यह बात उन्होंने शनिवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित भाजपा के बुद्धिजीवी सम्मेलन में बोलते हुए कही।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने में बुद्धिजीवियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। डा. गुप्ता ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए समर्पित एक विचारधारा है, जो समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढऩे में विश्वास रखती है। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले वर्षों में विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। यह परिवर्तन केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग और सहभागिता से संभव हुआ है।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली संवाद, सहभागिता और जनविश्वास पर आधारित है। बुद्धिजीवी वर्ग समाज की सोच और दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में आवश्यक है कि राष्ट्रहित के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हो तथा समाज को विकास और सामाजिक समरसता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। गरीब, किसान, युवा, महिलाएं और वंचित वर्ग आज विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने उपस्थित प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा दें और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं। बुद्धिजीवी सम्मेलन में कार्यक्रम के संयोजक एवं एनजीओ प्रकोष्ट के प्रदेश संयोजक बोधराज सीकरी, शिक्षक प्रकोष्ट के प्रदेश संयोजक मदन लाल गोयल, बुद्धिजीवी प्रकोष्ट के जिला संयोजक जसबीर यादव, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक मुकेश शर्मा, जिला प्रभारी संदीप जोशी, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, मेयर राजरानी मल्होत्रा के अलावा शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, उद्योगपतियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, लेखकों तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों ने भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

