गुरुग्राम पुलिस ने बिहार में जाकर रूकवाया अंतिम संस्कार,अब होगी जांच
-दुर्घटना में मौत होने पर बिना पोस्टमार्टम शव ले गए थे परिजन
गुरुग्राम, 22 मई (हि.स.)। गुरुग्राम में सडक़ दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजन उसका अंतिम संस्कार करने के लिए शव बिहार ले गए। गुरुग्राम पुलिस को जब इस बात का पता चला तो पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बिहार कूच किया। इससे पहले कि परिजन व्यक्ति का दाह संस्कार करते, पुलिस ने शव को चिता से उठाया और गुरुग्राम ले आई। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बिहार के रहने वाले 23 वर्षीय गोवर्धन गुरुग्राम में डिलीवरी बॉय का काम करते थे। बीती नौ मई की रात को वह सेक्टर-27 से अपनी स्कूटी पर सवार होकर सेक्टर-43 के सी ब्लॉक में एक ऑर्डर की डिलीवरी देने गया था। जब वह मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचा तो एक कार ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही गोवर्धन उछलकर काफी दूर जा गिरा। घटना के बाद कार सवार तो फरार हो गया। घायल गोवर्धन को राहगीरों ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए दिल्ली अस्पताल में रेफर कर दिया गया। दिल्ली अस्पताल में कई दिनों तक चले इलाज के बाद गोवर्धन की मौत हो गई। परिजन गोवर्धन के शव को लेकर बिहार के मुजफ्फरपुर चले गए। उसके अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई। गुरुग्राम पुलिस को इस घटना की सूचना पहले ही मिल चुकी थी तो पुलिस बिहार पहुंच गई। इससे पहले कि युवक की चिता को आग दी जाती, पुलिस ने शव को चिता से उठाया और गुरुग्राम ले आई। परिजन भी पुलिस के साथ आए। बताया जा रहा है कि परिजनों को हादसे के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस से ही उन्हें दुर्घटना में मौत का पता चला। सुशांत लोक थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों का सौंप दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

