हरियाणा-बिहार बस सेवा से प्रवासी श्रमिकों को मिलेगा लाभ: विनोद बापना
गुरुग्राम, 11 जुलाई (हि.स.)। इंडस्ट्रियल लेबर फ्रेंडली हरियाणा राज्य कमेटी के वरिष्ठ सदस्य एवं कैपेरो मारुति के सीईओ विनोद बापना ने हरियाणा और बिहार के बीच शुरू होने वाली अंतरराज्यीय बस सेवा का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय दोनों राज्यों के औद्योगिक विकास और प्रवासी श्रमिकों के हित में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के गुरुग्राम, मानेसर, सोनीपत, पानीपत, फरीदाबाद और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में बिहार के बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं। नियमित ऐ.सी बस सेवा शुरू होने से उन्हें सुरक्षित, किफायती और समयबद्ध यात्रा की सुविधा मिलेगी। विशेषकर छठ पूजा, दीपावली, होली तथा फसल की बुवाई और कटाई के समय अपने घर आने-जाने में उन्हें काफी राहत मिलेगी। विनोद बापना ने कहा कि बेहतर परिवहन व्यवस्था से श्रमिकों का समय और खर्च दोनों बचेंगे, जिससे उद्योगों को भी स्थिर एवं कुशल कार्यबल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल हरियाणा और बिहार के बीच आर्थिक, औद्योगिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगी तथा व्यापार, रोजगार और निवेश को भी नई गति देगी। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए हरियाणा और बिहार सरकार का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि भविष्य में अन्य राज्यों के साथ भी ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि देश के औद्योगिक विकास के साथ श्रमिकों का जीवन भी अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक बन सके।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

