गुरुग्राम: बिग बास्केट व डी-मार्ट के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर चलाने वाले काबू

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: बिग बास्केट व डी-मार्ट के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर चलाने वाले काबू


-पुलिस ने छापेमारी करके ठगी करने वाले पांच आरोपी किए गिरफ्तार

-दिल्ली के न्यू अशोक नगर में छापेमारी, 18 मोबाइल फोन और एक टैब बरामद

गुरुग्राम, 24 जून (हि.स.)। गुरुग्राम साइबर क्राइम मानेसर पुलिस ने बिग बास्केट और डी-मार्ट के नाम पर फर्जी विज्ञापन दिखाकर लोगों से ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली के न्यू अशोक नगर में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

21 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि फेसबुक पर सामान बेचने के विज्ञापन के जरिए उसे फर्जी पेमेंट लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही उसका फोन हैक कर लिया गया और खाते से 56,650 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत पर थाना साइबर अपराध मानेसर में मामला दर्ज किया गया था। तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम ने 23 जून को न्यू अशोक नगर दिल्ली में छापेमारी की। यहां बिग बास्केट और डी-मार्ट के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर चलाते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राज कुमार उम्र 27 वर्ष निवासी नालंदा बिहार, प्रशांत कुमार उम्र 28 वर्ष निवासी मुरादाबाद यूपी, करण उम्र 19 वर्ष निवासी शेखपुरा बिहार, सोनू उम्र 24 वर्ष निवासी शेखपुरा बिहार और अखिल अहमद उम्र 28 वर्ष निवासी बिजनौर यूपी के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फेसबुक पर बिग बास्केट और डी-मार्ट के नाम से फर्जी विज्ञापन चलाते थे। लोगों को आकर्षित कर उनसे संपर्क करते थे और सत्यापन या ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर एपीके फाइल या फर्जी लिंक भेजते थे। जैसे ही पीडि़त लिंक पर क्लिक करता, उनके मोबाइल और बैंकिंग की जानकारी लेकर साइबर ठगी की जाती थी। आरोपियों को इसके बदले सैलरी मिलती थी। छापेमारी में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 मोबाइल फोन और एक टैब बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल ठगी की वारदातों में किया जा रहा था। बरामद उपकरणों और आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों का भी खुलासा करने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story