गुरुग्राम: सरकार की नीतियों से किसान अपराधी जैसा महसूस कर रहे: भूपेंद्र सिंह हुड्डा

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: सरकार की नीतियों से किसान अपराधी जैसा महसूस कर रहे: भूपेंद्र सिंह हुड्डा


-सोहना की अनाजमंडी का दौरा करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कही यह बात

-मंडी में किसानों व आढ़तियों से किया संवाद

गुरुग्राम, 13 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोमवार को सोहना अनाज मंडी में पहुंचे। यहां उन्होंने सरकार की खरीद व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि मौजूदा नीतियों ने किसान को अपराधी जैसा महसूस करने पर मजबूर कर दिया है। मंडी दौरे के दौरान हुड्डा ने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर जमीनी हालात का जायजा लिया। बातचीत में सामने आई समस्याओं को आधार बनाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां राहत देने के बजाय परेशानी बढ़ा रही हैं।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मेरी फसल-मेरा ब्यौरा, गेट पास और बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी व्यवस्थाओं को लेकर कहा कि ये व्यवस्थाएं पारदर्शिता के नाम पर लागू जरूर की गई हैं, लेकिन जमीन पर ये किसानों के लिए सिरदर्द बन चुकी हैं। किसान को अपनी फसल बेचने के लिए कई स्तर की औपचारिकताओं से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन, गारंटर, गेट पास और बायोमेट्रिक के चलते मंडियों में लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि इन जटिल प्रक्रियाओं का सीधा असर किसानों की आय पर पड़ रहा है। देरी और अव्यवस्था के कारण किसान मजबूरी में अपनी फसल एमएसपी से नीचे बेचने को तैयार हो रहा है। हुड्डा ने कहा कि सरकार का दायित्व है कि वह एमएसपी पर सुचारू खरीद सुनिश्चित करे, लेकिन मौजूदा हालात इसके उलट दिखाई दे रहे हैं। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी इस दौरे में प्रमुखता से उठा। हुड्डा ने सरकार से तत्काल विशेष गिरदावरी करवाने और प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्राकृतिक आपदा का असर है, दूसरी तरफ नीतिगत जटिलताएं, ऐसे में किसान दोहरी मार झेल रहा है। हुड्डा ने किसानों को एमएसपी के साथ-साथ अतिरिक्त बोनस देने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि कृषि क्षेत्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत किए बिना विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने सरकार से अपील की कि मंडियों में व्यवस्थाएं दुरुस्त कर अनावश्यक शर्तों को खत्म किया जाए और खरीद प्रक्रिया को तेज किया जाए। इस दौरान नूंह से विधायक आफताब अहमद, कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, जिला अध्यक्ष शहरी पंकज डावर, जिला अध्यक्ष ग्रामीण वर्धन यादव, पीसीसी मेम्बर महेश घोड़ारोप, कुलराज कटारिया समेत अनेक नेता, कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story