अपडेट--गुरुग्राम-दिल्ली हाईवे पर मुठभेड़, हिमांशु भाऊ गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार
गुरुग्राम, 30 मई (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर हाईवे 48 पर शनिवार आधी रात को क्राइम ब्रांच सेक्टर-40 ने कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के दो शार्प शूटरों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। क्रॉस फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार क्राइम ब्रांच की टीम को शार्प शूटरों की मूवमेंट की सूचना मिली थी। जब टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ में 13-14 राउंड फायर हुए, जिनमें से आरोपियों की तरफ 9-10 फायर तथा पुलिस की तरफ से चार फायर किए गए। बदमाशों की फायरिंग में सीआईए-40 की सरकारी गाड़ी पर तीन गोलियां लगीं। गनीमत रही कि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस टीम ने आरोपियों द्वारा वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई एक बाइक, लाखों की कीमत की एक विदेशी पिस्टल, एक विदेशी रिवॉल्वर, दो मैगजीन, खाली खोल कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों ने दिल्ली में अवैध वसूली के लिए एक हीं रात में कंझावला, मुंडका सहित फायरिंग की तीन चार वारदातों तथा लूट की वारदातों को अंजाम दिया था जिसमें आरोपी वांछित थे। पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैरों में लगी, जिससे वे सडक़ पर गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। घायल अपराधियों को तुरंत इलाज के लिए सेक्टर-10 के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों की पहचान कर्ण उर्फ रोनी और प्रवेश के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के कंझावला गांव के रहने वाले हैं। पकड़े जाने के समय दोनों काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर जा रहे थे। उनके पास से दो पिस्तौल भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने बाइक और हथियार कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों से पूछताछ कर गैंग की अन्य गतिविधियों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

