गुरुग्राम: बसई रोड मर्डर केस में तीन और आरोपी काबू
-बसई रोड पर एनके फैक्ट्री के पास दिया गया घटना को अंजाम
गुरुग्राम, 15 सितंबर (हि.स.)। बसई रोड पर एन.के. फैक्ट्री के पास 39 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-40 गुरुग्राम ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन (उम्र 19 वर्ष) निवासी गांव बमरीपुर जिला औरैया, उत्तर प्रदेश हाल निवासी सेक्टर-9 गुरुग्राम, नितिन गुप्ता (उम्र 19 वर्ष) निवासी भवानी एनक्लेव गुरुग्राम और गौरव (उम्र 24 वर्ष) निवासी हिरोली जिला अलीगढ़ यूपी हाल निवासी देवीलाल कॉलोनी गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी नितिन और नितिन गुप्ता को 12 सितंबर को जबकि तीसरे आरोपी गौरव को 13 सितंबर को देवीलाल कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने बताया कि दोनों मुख्य आरोपी पर्नव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने के लिए हथियारों सहित अन्य हथियार आरोपी गौरव से लेकर आए थे। गौरव ही इस गैंग को हथियार सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
यह वारदात 10 सितंबर सुबह 09:20 बजे की है। पुलिस थाना सेक्टर-9ए को सूचना मिली थी कि रवि नगर के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 39 वर्षीय महेन्द्र निवासी बसई के रूप में हुई। मृतक के बेटे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने पिता महेन्द्र के साथ बाइक पर सदर बाजार जा रहा था। जब वे कृष्णा नगर के पास एन.के. फैक्ट्री के नजदीक पहुंचे, तो पीछे से बाइक पर सवार तीन युवक आए और उनमें से एक ने उसके पिता पर गोली चला दी। इस शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-9ए में हत्या का केस दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले में पहले भी कुछ आरोपियों को पकड़ा जा चुका है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

