गुरुग्राम में एक घंटे हुई मूसलाधार बरसात से कई इलाके जलमग्र

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम में एक घंटे हुई मूसलाधार बरसात से कई इलाके जलमग्र


गुरुग्राम, 04 सितंबर (हि.स.)। शुक्रवार शाम को शहर में हुई तेज बारिश से गुरुग्राम का मौसम सुहावना हो गया। सुबह से गर्मी झेल रहे गुरुग्रामवासियों को उमस से राहत मिली। इस एक घंटे में 36 मिमी बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। कई इलाकों में जलभराव से वाहन रेंगते नजर आए।

दोपहर अचानक काले बादल छाए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।

शहर के प्रमुख मार्गों पर हल्का से मध्यम जलभराव हो गया। बारिश के तुरंत बाद सरहौल बॉर्डर से राजीव चौक और सुभाष चौक तक गाडिय़ां रेंग-रेंग कर चलीं। सबसे ज्यादा असर राजीव चौक, सोहना रोड, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, उद्योग विहार और सेक्टर-14 में दिखा। उद्योग विहार फेज-3 और ओल्ड दिल्ली-गुरुग्राम रोड पर गड्ढों में पानी भरने से हादसे का खतरा बढ़ गया, चालकों को बेहद धीमी गति से चलना पड़ा। वीकेंड के चलते शाम को दफ्तरों से लौटने वालों को भारी जाम का सामना करना पड़ सकता है। जाम और जलभराव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने प्रमुख चौराहों पर जवान तैनात कर रूट डायवर्ट किया। नगर निगम और जिला प्रशासन की टीमें सक्शन पंपों से पानी निकालने में जुटी हैं। मानसून ट्रफ सक्रिय होने से अगले 24 से 48 घंटे तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है। तेज बारिश हुई तो निचले इलाकों में जलभराव और बढ़ सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है कि दिल्ली में शिव मूर्ति के पास अत्यधिक जलभराव के कारण गुरुग्राम से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर दबाव बढ़ गया है। वाहन चालक इफको चौक से यू-टर्न लेकर एमजी रोड होते हुए आया नगर बॉर्डर से दिल्ली जाएं। एयरपोर्ट जाने वाले द्वारका एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करें।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story