गुरुग्राम: हनी ट्रैपिंग जैसे सामाजिक मुद्दों पर भी नाटक तैयार करें कलाकार: रेनू भाटिया
-कला, कानून और शिक्षा का संगम कहानी से कानून के पहले कार्यक्रम में कही यह बात
-कला के माध्यम से सामाजिक मुद्दों पर जागरुकता का संदेश
गुरुग्राम, 30 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने कहानी से कानून प्रोजेक्ट के पहले कार्यक्रम में यहां शिरकत की। यह कार्यक्रम कला, शिक्षा और कानून को जोडक़र सामाजिक मुद्दों पर संवाद बढ़ाने की नई पहल के रूप में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नियोफ्यूजन संस्था के किशोर कलाकारों द्वारा प्रस्तुत संगीतमय कठपुतली नाटक ए स्ट्रिंगिंग ऑफ लव, पावर एंड पेन था। जिसमें महिलाओं के प्रति भावनात्मक चोट, नियंत्रक व्यवहार और पितृसत्तात्मक समाज में मानसिक शोषण को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। रेनू भाटिया ने प्रस्तुति की गहराई और संदेश की सराहना करते हुए कहा कि यह नाटक बड़े मंचों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में बाइपोलर बिहेवियर और हनी ट्रैपिंग जैसे सामाजिक मुद्दों पर भी नाटक तैयार किए जाएं और साथ ही पूरे सहयोग का आश्वासन दिया।
कानूनी जागरुकता और सामुदायिक सशक्तिकरण के लिए कार्रपत रीत फाउंडेशन की संस्थापक एडवोकेट रितु कपूर ने भी अपनी संस्था की ओर से यहां प्रस्तुति दी। नियोफ्यूजन डॉ. अनुभूति के नेतृत्व में वंचित वर्ग के किशोरों के साथ शिक्षा और कला के माध्यम से परिवर्तन लाने का काम करता है। नाटक का निर्देशन पंकज गुप्ता और कोरियोग्राफी अविनाश कुमार ने की। नियोफ्यूजन की विजुअल आर्ट मेंटर सुदीप्ता के मार्गदर्शन में बच्चों ने सुंदर पेंटिंग इंस्टॉलेशन भी प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों का भरपूर ध्यान आकर्षित किया।
विशिष्ट अतिथि एसीपी साइबर क्राइम प्रियांशु देवान कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के ऐसे प्रयास सामाजिक जागरूकता को आगे बढ़ाते हैं। विशेष अतिथि बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन कोच दीपक बजाज ने बच्चों की परिपक्वता और वर्षों में आए बदलाव की तारीफ करते हुए कहा कि नियोफ्यूजन के कलाकार हर बार उम्मीद से बढक़र प्रदर्शन करते हैं। विशेष अतिथि एडवोकेट विनोद कटारिया पूर्व अध्यक्ष एवं सचिव जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम ने कहा कि ऐसे नाटक समाज की वास्तविक समस्याओं को सामने लाते हैं, जिन्हें अदालतों में रोजाना देखा जाता है। एडवोकेट रितु कपूर और डॉ. अनुभूति ने बताया कि कहानी से कानून का उद्देश्य कला, शिक्षा और कानून को एक प्लेटफॉर्म पर लाकर समाज के गंभीर मुद्दों पर संवाद बढ़ाना और समुदायों में जागरुकता स्थापित करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

