गुरुग्राम: सेक्टर-84 की अंतरिक्ष सोसाइटी के फ्लैट में लगी आग
गुरुग्राम, 17 मई (हि.स.)। सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष सोसाइटी के एसी टावर में रविवार को एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। आग नौवें फ्लोर पर स्थित फ्लैट नंबर 902 में लगी। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे के समय फ्लैट में रहने वाला परिवार घर से बाहर गया हुआ था, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से घर में रखा सामान जलकर राख हो गया।
आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध नहीं मिले।
आरोप है कि सोसाइटी के फायर सेफ्टी संसाधन स्टोर रूम में बंद थे और उसकी चाबी भी सुरक्षा कर्मियों के पास मौजूद नहीं थी। इस लापरवाही के कारण शुरुआती समय में आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोक लिया गया।
इस घटना के बाद सोसाइटी के फायर सेफ्टी इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय निवासियों ने सोसाइटी प्रबंधन की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

