गृह मंत्री अमित शाह गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा का करेंगें स्वागत: डा. अर्चना गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
गृह मंत्री अमित शाह गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा का करेंगें स्वागत: डा. अर्चना गुप्ता


-सात अक्टूबर सुबह नौ बजे गुरुग्राम पहुंचेगी सेवा ज्योति यात्रा

-यात्रा की तैयारियों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने की बैठक

गुरुग्राम, 05 अक्टूबर (हि.स.)। विकसित भारत संकल्प अभियान के निमित्त देशभर में चल रही सेवा ज्योति यात्रा आगामी सात अक्टूबर को गुरुग्राम पहुंचेगी। सुबह नौ बजे गुरुग्राम पहुंचने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सेवा ज्योति यात्रा का स्वागत करेंगें। इसके बाद गुरुग्राम की चारों विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित विधायकों को सेवा ज्योति सौंपकर इसे प्रत्येक विधानसभा तक पहुंचाया जाएगा। यह जानकारी सोमवार को यहां भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने दी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, संकल्प और विकसित भारत के निर्माण के प्रति भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से इस संकल्प और सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर को गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा का भव्य स्वागत होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वर्चुअल माध्यम से इस यात्रा और कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। सेवा ज्योति यात्रा को रिसीव करने के बाद चारों विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा को पूरी ऊर्जा एवं उत्साह के साथ पहुंचाया जाए।

बैठक में गुरुग्राम लोकसभा से सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि गुरुग्राम के लिए यह गौरव का विषय है कि सेवा ज्योति यात्रा का स्वागत माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति में होगा। गुरुग्राम भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि इस अवसर को यादगार और ऐतिहासिक बनाया जाए। भाजपा पार्लियामेंट्री बोर्ड सदस्या डॉ. सुधा यादव ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सेवा ज्योति यात्रा में पूर्ण समर्पण के साथ जुटने और ज्यादा से लोगों को इस यात्रा और जनसभा में सम्मलित करने का प्रयास करना है। बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा, पार्लियामेंट्री बोर्ड सदस्य डॉ. सुधा यादव, प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, मेयर राजरानी मल्होत्रा, सीनियर डिप्टी मेयर धर्मवीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, जिला प्रभारी संदीप जोशी, गुरुग्राम महानगर प्रभारी राजकुमार बोहरा, गुरुग्राम महानगर जिलाध्यक्ष अजीत यादव, गुरुग्राम जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर सहित दोनों जिलों के जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, चेयरमैन, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story