गुरुग्राम: बाबा साहब ने खुद्दारी से जीवन जीने का रास्ता बनाया: राज बब्बर

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: बाबा साहब ने खुद्दारी से जीवन जीने का रास्ता बनाया: राज बब्बर


-गुरुग्राम में बाबा साह्रब जयंती समारोह में कही यह बात

-पार्टी के बुजुर्ग सिपाहियों को सम्मानित भी किया

गुरुग्राम, 14 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व सांसद एवं गुडग़ांव लोकसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे राज बब्बर ने कहा कि बाबा साहेब डा. भीम राव अंबेडकर जी ने हमें जो संविधान दिया, वह सिर्फ एक दस्तावेज नहीं बल्कि उनका सदियों का दर्द है। उस दर्द को बाबा साहेब ने संविधान में उतारा और दलितों, वंचितों को समान अधिकार देने का काम किया। ऐसी महान हस्ती को हम सदैव नमन करते हैं। यह बात उन्होंने सोमवार को बतौर मुख्य अतिथि कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय में बाबा साहेब डा. भीम राव अंबेडकर जी की जयंती पर उन्हें नमन करके अपने संबोधन में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने कही। इस अवसर पर पार्टी के पुराने एवं बुजुर्ग कार्यकर्ताओं (सिपाहियों) शुभराम, स्नेहलता हुड्डा, आशा शर्मा को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान की रचना करके आजाद भारत में सबको सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि हमें बाबा साहेब को मानते हुए सिर्फ उनके चित्र पर मालाएं नहीं चढ़ानी, उनके दिखाए रास्ते पर भी चलना है। बाबा साहेब की शिक्षा को भी मानना है। अगर हम उनकी शिक्षाओं को नहीं मानते हैं तो हम संगठित नहीं हो सकते। संघर्ष नहीं कर सकते और उनके सिपाही नहीं बन सकते। हमें शोषित होने से भी कोई नहीं बचा सकता। हम उनके अनुयायी हैं तो उनके सिपाही भी बनना है। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के चौक-चौराहों पर बाबा साहेब की प्रतिमा को देखकर भी प्रेरणा लेना। उस प्रतिमा से यह संदेश लेना कि उनकी बगल में संविधान की किताब है, जो शिक्षित होने का संदेश देती है। वे एक हाथ से राह दिखाते हैं कि हर कोई शिक्षित हो।

राज बब्बर ने कहा कि बाबा साहेब ने वह समय देखा जब उन्हें कुओं से पानी पीने का अधिकार नहीं था। इसके लिए उन्होंने महाड़ सत्याग्रह किया। उन्हें सिर्फ पीने के लिए पानी की जरूरत नहीं थी बल्कि उन्होंने आने वाली पीढिय़ों के लिए यह सब किया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने बाबा साहेब को नमन करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने आज के दिन हमें शिक्षित रहने, संगठित रहने और संघर्ष करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हम सब संगठित होंगें तो शोषण करने वाली सरकार से टक्कर ले सकेेंगें। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, सूबे सिंह यादव, सीमा पाहुजा, सीमा हुड्डा, कुलदीप गुज्जर, प्रदीप जेलदार, जसविंदर बीसला, संतोख सिंह, विकास हुड्डा, मुकेश पवन चौधरी, राज कुमार एससी सैल, सुशील सहरावत, निर्मल यादव, रेखा दहिया, एडवोकेट अरुण शर्मा, राजीव यादव, अमन प्रजापति, मास्टर महेंद्र सेन, राहुल नंबरदार, दिनेश शर्मा, शहजाद खान, हुकुम चंद, मनोज आहुजा समेत अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story