गुरुग्राम में अलॉय व्हील का ट्रायल लेने के बहाने कार समेत युवक फरार

WhatsApp Channel Join Now

फरार युवक के परिजनों ने चुकाए एक लाख 20 हजार रुपए

गुरुग्राम, 07 सितंबर (हि.स.)। सेक्टर 12ए स्थित ऑटोमोबाइल मार्केट स्थित सिद्धदाता टायर्स नामक दुकान से एक युवक अलॉय व्हील डलवाकर ट्रायल के बहाने कार लेकर फरार हो गया। आरोपी सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद उसके परिजनों ने दुकानदार को एक लाख 20 हजार चुकाकर समझौता कर लिया।

दुकान मालिक दीपक चौधरी के अनुसार 30 अगस्त को एक युवक काली हुंडई वरना में अलॉय व्हील डलवाने आया। कर्मचारियों ने उसकी पसंद के अलॉय फिट कर दिए। युवक ने परफॉर्मेंस चेक करने के लिए ट्रायल की बात कही तो सुरक्षा के लिहाज से एक कर्मचारी को साथ भेजा गया।

कुछ दूर जाकर आरोपी ने कर्मचारी को धमकाया और मारपीट कर बीच रास्ते में गाड़ी से उतार दिया और तेज रफ्तार में कार लेकर फरार हो गया। कर्मचारी ने वापस आकर मालिक को जानकारी दी। मालिक ने सेक्टर-14 थाने में शिकायत दी और सीसीटीवी फुटेज के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर पहचान बताने वाले को पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की।

वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी के परिजन गुरुग्राम पहुंचे। युवक दिल्ली के वसंत विहार का रहने वाला बताया गया है। परिजनों ने गलती मानते हुए पूरी पेमेंट चुकाने की बात कही। दीपक चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। पेमेंट मिलने के बाद वे शिकायत वापस ले लेंगे और कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story