गुरुग्राम में एअर इंडिया कर्मी की पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 27 अगस्त (हि.स.)। सेक्टर-71 स्थित सच एवेन्यू सोसाइटी में एक महिला ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान कीर्तिमई मिश्रा के रूप में हुई है, जो रियल एस्टेट कंपनी स्मार्ट वर्ल्ड में काम करती थीं। उनके पति युवराज शर्मा एअर इंडिया ट्रेनिंग एकेडमी में कार्यरत हैं। दंपति मूल रूप से ओडिशा के भुवनेश्वर के रहने वाले हैं।

जानकारी के अनुसार घटना से एक रात पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद कीर्तिमई दूसरे कमरे में जाकर सो गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पति ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया।

दरवाजा न खुलने पर पति ने खिड़की का शीशा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो कीर्तिमई फंदे पर लटकी मिलीं। दंपति की नौ साल की एक बेटी भी है।

परिजनों के मुताबिक तीन दिन पहले ही कीर्तिमई का भाई ओडिशा से राखी बंधवाने आया था, उस समय सब कुछ सामान्य था।

घटना की सूचना पर बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पति और महिला के ऑफिस सहयोगियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story