गुरुग्राम: एक साथ पानी पीते शेर-गाय के प्रतीक से अहिंसा स्थल देगा जीओ और जीने दो का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: एक साथ पानी पीते शेर-गाय के प्रतीक से अहिंसा स्थल देगा जीओ और जीने दो का संदेश


-विधायक मुकेश शर्मा ने अहिंसा स्थल का किया लोकार्पण

गुरुग्राम, 31 जुलाई (हि.स.)। भगवान महावीर अपने आत्मज्ञान के बाद जीवों पर करुणा और अहिंसा का उपदेश देते हुए विहार करते थे तो उनके प्रभाव से जंगल के हिंसक और सात्विक जीव शेर और गा अपने स्वाभाविक बैर को भूलकर एक ही घाट पर बिना किसी डर के पानी पीते थे। यही भगवान महावीर जी का जीओ और जीने दो का संदेश भी था। उनके संदेश को गुरुग्राम में जन-जन पहुंचाने के उद्देश्य से अहिंसा स्थल का निर्माण किया गया है। इसका उद्घाटन शुक्रवार को विधायक मुकेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर काफी संख्या में सर्व समाज के लोगों की उपस्थिति रही।

यहां महरौली रोड स्थित महावीर पार्क जैन मंदिर के पास गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से इस अहिंसा स्थल का निर्माण कराया गया है। जैन समाज सेक्टर-14 के प्रधान रविंद्र जैन समेत अन्य जैन समाज के अग्रणी लोगों की विशेष भूमिका रही है। शुक्रवार को अहिंसा स्थल का विधायक मुकेश शर्मा ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह एक ही घाट पर पानी पीते शेर और गाय के प्रतीक से यह अहिंसा स्थल आमजन को आपसी सौहार्द और प्रेम भाव से रहने का संदेश देगा। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर जी के संदेश को हम सबको अपने जीवन में ढालना चाहिए। अहिंसा परमो धर्म: का संदेश देकर उन्होंने सबको एक सूत्र में बांधने का काम किया।

जैन समाज के प्रवक्ता अभय जैन एडवोकेट ने बताया कि अहिंसा स्थल के उद्घाटन अवसर पर सर्व समाज के लोगों ने शिरकत करके एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द का परिचय दिया। अहिंसा स्थल के उद्घाटन के बाद भगवान महावीर जी के मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आए हुए अतिथियों और समाज के प्रमुख लोगों का जैन समाज सेक्टर-14 से विजय कुमार जैन, अशोक सुराणा, राजेश जैन, सुनील कोठारी, मुकुल जैन, सिद्धार्थ जैन, प्रतुल जैन, गरिमा जैन, सुनील जैन, अशोक जैन, निर्झर जैन की ओर से सभी अतिथियों का सम्मान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story