कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने फर्रुखनगर व सोहना अनाज मंडी का किया दौरा

WhatsApp Channel Join Now
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने फर्रुखनगर व सोहना अनाज मंडी का किया दौरा


-खरीद प्रक्रिया का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

गुरुग्राम, 16 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार शाम को फर्रुखनगर अनाज मंडी तथा वीरवार को सोहना अनाज मंडी का दौरा कर रबी सीजन 2026-27 के लिए गेहूं खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फसल खरीद तथा लिफ्टिंग कार्य के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कैबिनेट मंत्री ने मंडियों में किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, फसल सत्यापन प्रक्रिया, बिजली, पानी, साफ-सफाई और बायोमैट्रिक प्रणाली सहित सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। जिले की तीनों मंडियों में खाद्यान की खरीद का कार्य राज्य खरीद एजेंसी हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग कारपोरेशन द्वारा किया जा रहा है। हरियाणा सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल और सरसों का 6200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी उपज की सुचारू खरीद सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों का एक-एक दाना बिना किसी परेशानी के खरीदा जाए और उन्हें अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान आढ़तियों एवं किसानों ने सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतुष्टि जताई और कहा कि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी विनय यादव ने कृषि मंत्री को मंडियों में फसल की आवक तथा उठान कार्य प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि अब तक फर्रूखनगर मंडी में 7401 मीट्रिक टन, पटौदी-जटौली में 17561 मीट्रिक टन और सोहना मंडी में 2605 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। मंडियों में खरीद के साथ-साथ उठान कार्य भी निरंतर गति से किया जा रहा है, ताकि फसल का अनावश्यक दबाव न बने। अब तक फर्रुखनगर मंडी से 1419 मीट्रिक टन, पटौदी-जटौली मंडी से 5948 मीट्रिक टन तथा सोहना मंडी से 118 मीट्रिक टन गेहूं का उठान किया जा चुका। सोहना मंडी सचिव दिनेश कुमार ने बताया कि मंडी में व्यवस्थाएं पूरी तरह सुव्यवस्थित रखी जा रही हैं। यह सुनिश्चित किया गया है कि मंडी गेट से किसी भी किसान की ट्रॉली किसी भी कारण से वापस न लौटे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान की उपज को प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जा रहा है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story