गुरुग्राम: गोद लिए स्कूलों का क्लास 1-2 अफसरों को करना होगा निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now

-क्लास-1 और 2 के अधिकारियों की एसीआर में जुड़ेगा विशेष कॉलम

-निरीक्षण रिपोर्ट के बिना अधूरी मानी जाएगी स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट

गुरुग्राम, 25 नवंबर (हि.स.)। सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए अब प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही सीधे उनकी एसीआर से जुड़ जाएगी। अपनी एसीआर को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को साल में कम से कम तीन बार गोद लिए गए स्कूलों का दौरा करना होगा। अगर निरीक्षण किए बिना ही रिपोर्ट प्रस्तुत की जाती है तो वह अधूरी मानी जाएगी।

हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने निर्देश दिए हैं कि क्लास-1 और क्लास-2 के अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) में उनके द्वारा गोद लिए गए स्कूलों, स्कूलों के दौरों और निरीक्षणों का विवरण दर्ज करने के लिए एक विशेष कॉलम जोड़ा जाएगा। एसीआर में जोड़े जाने वाले विशेष कॉलम में अधिकारी द्वारा गोद लिए गए स्कूल का नाम, वहां किए गए दौरों की संख्या और निरीक्षण के दौरान की गई समीक्षा का पूरा विवरण दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा अधिकारियों को अपनी वार्षिक स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट के साथ स्कूल निरीक्षण रिपोर्ट भी संलग्न करनी होगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गोद लिए गए स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत करें, शिक्षण गतिविधियों की स्थिति समझें, उपलब्ध सुविधाओं के उपयोग की समीक्षा करें तथा सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान करें।

उन्होंने कहा कि इस पहल का अंतिम उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक स्कूल अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप बेहतर ढंग से कार्य करे।

मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए हैं कि स्कूलों का निरीक्षण निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार किया जाए और निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों एवं सुझावों को उचित रूप से दर्ज किया जाए, ताकि उन पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि एसीआर में निरीक्षण संबंधी विवरण शामिल करने से प्रशासनिक जिम्मेदारी और स्कूलों के वास्तविक सुधार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा। इस व्यवस्था से स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं, शिक्षण व्यवस्था और संसाधनों के उपयोग की नियमित निगरानी हो सकेगी। साथ ही, सामने आने वाली कमियों की पहचान कर समय पर सुधारात्मक कदम उठाने में भी मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783090 Articles

Share this story