गुरुग्राम की अडानी ओएस्टर सोसायटी में बेसमेंट पार्किंग की छत गिरी,कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम की अडानी ओएस्टर सोसायटी में बेसमेंट पार्किंग की छत गिरी,कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त


-लैंटर एवं प्लास्टर गिरा, कई गाडिय़ां क्षतिग्रस्त हुईं

गुरुग्राम, 06 जुलाई (हि.स.)। यहां सेक्टर-102 स्थित अडानी ऑएस्टर सोसायटी में बेसमेंट पार्किंग की छत का बड़ा हिस्सा गिर जाने से हडक़ंप मच गया। हादसे में कई गाडिय़ां क्षतिग्रस्त हो गईं, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। शनिवार को हुई इस घटना से सोमवार को भी लोगों में इस हादसे के बाद रोष व्याप्त रहा।

रेजिडेंट्स के मुताबिक यह घटना टावर एच की बी-1 बेसमेंट पार्किंग में हुई। लैंटर का एक बड़ा हिस्सा भारी-भरकम प्लास्टर के साथ अचानक नीचे खड़ी कारों पर आ गिरा। लैंटर के टुकड़े गिरने की तेज आवाज सुनकर पार्किंग में गाड़ी निकाल रहे लोग घबराकर बाहर की तरफ भागे और अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कंक्रीट और प्लास्टर का इतना भारी मलबा गिरा कि नीचे खड़ी कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मलबे के गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि लोगों को लगा जैसे भूकंप आ गया हो। हादसे के तुरंत बाद बेसमेंट में धूल का गुबार छा गया। इस हादसे के बाद पूरी सोसाइटी में दहशत और आक्रोश का माहौल है। रेजिडेंट्स ने कहा कि यह पूरी बिल्डिंग महज छह साल पुरानी है। अगर सिर्फ छह साल में ही लैंटर और छत के हिस्से इस तरह भरभरा कर गिरने लगेंगे, तो आने वाले 10 या 20 सालों में इस सोसाइटी का क्या होगा। आरडब्ल्यूए की वाइस प्रेजीडेंट अलका मल्होत्रा ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च करके आशियाना खरीदने वाले लोग अब खुद को ठगा हुआ और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। रेजिडेंट्स का कहना है कि पार्किंग एरिया में अक्सर लोगों और बच्चों का आना-जाना लगा रहता है। हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना जानमाल का नुकसान हो सकता था। इस खौफनाक मंजर के बाद लोग अपने ही घरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं और सोशल मीडिया व आरडब्ल्यूए के जरिए अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। हादसे के बाद रेजिडेंट्स ने बिल्डर और प्रशासन से पूरे टावर की स्ट्रक्चरल ऑडिट और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल क्षतिग्रस्त गाडिय़ों का आंकलन किया जा रहा है और बेसमेंट पार्किंग को एहतियातन बंद कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story